सौरभ माला पर बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा दो वर्ष का प्रतिबंध
जाली दस्तावेज़ प्रस्तुत करने का मामला
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) द्वारा दस्तावेज़ों की जांच के क्रम में यह पाया गया कि मधेपुरा जिला क्रिकेट संघ से निबंधित खिलाड़ी श्री सौरभ माला (अंडर-19) द्वारा बीसीए की प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु प्रस्तुत किए गए दस्तावेज़ जाली हैं। मामले की जांच एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बीसीए ने श्री सौरभ माला को तत्काल प्रभाव से दो वर्ष की अवधि के लिए बीसीए एवं बीसीसीआई द्वारा आयोजित सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है।
इसके अतिरिक्त, जीएम (एसीयू) श्री अजीत कुमार पाण्डेय, जिनको जाँच का कार्य दिया गया है कि अनुशंसा के आलोक में निम्नलिखित खिलाड़ियों पर जांच पूर्ण होने तक किसी भी प्रकार के क्रिकेट मैच अथवा प्रतियोगिता में भाग लेने पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाता है:
1. प्रशांत चौधरी (सीनियर/अंडर-23)
2. शिवराज चौधरी (अंडर-23)
3. आयुष शर्मा (अंडर-19)
4. बाबुल कुमार (अंडर-19)
5. प्रथम शर्मा (अंडर-16)
6. सात्विक सिंह (अंडर-16)
उल्लेखनीय है कि बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा समय-समय पर अध्यक्ष महोदय के निर्देशानुसार सभी जिला क्रिकेट संघों को यह अवगत कराया जाता रहा है कि फर्जी खिलाड़ियों द्वारा जाली दस्तावेज़ों के माध्यम से बीसीए एवं बीसीसीआई प्रतियोगिताओं में भाग लेने की आशंका बनी रहती है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया था कि ऐसे मामलों के पाए जाने पर संबंधित खिलाड़ियों एवं जिला क्रिकेट संघों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पुनः सभी जिला क्रिकेट संघों को निर्देशित करता है कि वे खिलाड़ियों के दस्तावेज़ों की सूक्ष्म एवं विस्तृत जांच सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो तथा क्रिकेट की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनी रहे।
सचिव
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन
